सिमडेगा. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में ठेठईटांगर प्रखंड की कोनमेंजरा पंचायत अंतर्गत कुड़पानी कॉलोनी टोली में विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया. ग्रामीणों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों व विभिन्न कानूनों की जानकारी देने के साथ-साथ अंधविश्वास से बचाव को लेकर जागरूक किया गया. शिविर में प्राधिकार के सचिव मरियम हेमरोम ने कहा कि आमलोगों के लिए कानून की जानकारी होना आवश्यक है. कहा कि जब तक व्यक्ति अपने अधिकारों से परिचित नहीं होगा, तब तक वह न्याय प्राप्त नहीं कर सकता. उन्होंने अंधविश्वास के खिलाफ भी लोगों को सचेत करते हुए कहा कि समाज में फैली कुरीतियों और भ्रांतियों से दूर रहना जरूरी है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी प्रकार के अन्याय, शोषण, घरेलू हिंसा या अंधविश्वास से जुड़े मामलों में चुप न रहें, बल्कि तत्काल विधिक सेवा प्राधिकार या पुलिस से संपर्क करें. बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा गरीब, असहाय व जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करायी जाती है. मौके पर चीफ एलएडीसीएस प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू हिंसा, भूमि विवाद, महिला उत्पीड़न, बाल संरक्षण एवं अन्य मामलों में पीड़ित व्यक्ति विधिक सहायता ले सकते हैं. असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल ने कानूनी प्रक्रिया, आवेदन करने के तरीके और सहायता प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया. शिविर में प्रखंड प्रमुख बिपिन मिंज ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अंधविश्वास के कारण कई बार गंभीर घटनाएं सामने आती हैं. ऐसे में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं. कार्यक्रम में पारा लीगल वोलेंटियर व ठेठईटांगर पुलिस मौजूद थी.
हर व्यक्ति को होनी चाहिए कानून की जानकारी : सचिव
कुड़पानी कॉलोनी टोली में विधिक जागरूकता शिविर लगा
