पूजा पंडालों के पट खुले ,दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

चैत्र नवरात्र के अवसर पर बुधवार को सलडेगा एवं ठाकुरटोली स्थित पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये.

सिमडेगा. चैत्र नवरात्र के अवसर पर बुधवार को सलडेगा एवं ठाकुरटोली स्थित पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये. पंडाल खुलते ही मां भगवती के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. नवरात्र के सातवें दिन मां दुर्गा के सप्तम स्वरूप मां कालरात्रि की विधिवत पूजा-अर्चना की गयी. वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आचार्यों द्वारा मां दुर्गा का आह्वान कर मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न करायी गयी. ठाकुरटोली दुर्गा पूजा पंडाल में पंडित अमित मिश्रा ने अनुष्ठान संपन्न कराया, वहीं सलडेगा श्री देवीगुड़ी चैती दुर्गा पूजा समिति में आचार्य शिव कुमार पाठक ने यह कार्य किया.

प्राण-प्रतिष्ठा के साथ नवपत्रिका प्रवेश की रस्म निभायी गयी और पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई. दोनों समितियों ने भव्य एवं आकर्षक पंडालों का निर्माण कराया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अलग-अलग दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है. शाम की आरती में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे और मां भगवती की आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान प्रसाद वितरण भी किया गया.

धार्मिक आयोजन एकता और भाईचारे को सुदृढ़ करते हैं

पूजा आयोजन तीन दिनों तक चलेगा और 28 मार्च को भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जायेगी. उपायुक्त कंचन सिंह ने ठाकुरटोली स्थित पंडाल का उद्घाटन किया और समिति के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और भाईचारे को सुदृढ़ करते हैं. उन्होंने मां भगवती से जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और सभी को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं दीं. उद्घाटन से पूर्व समिति ने उपायुक्त का चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया. मौके पर समिति के अध्यक्ष योगेंद्र मेहरा, टीपी सिंह, देवेंद्र चौधरी, वार्ड पार्षद ज्योति मानकी, श्याम सिंह, दुलदुल चौधरी, सत्या प्रसाद, सोनू सिंह, विजय राम, भोला सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >