इवीएम मशीनों का भौतिक सत्यापन किया गया

इवीएम मशीनों का भौतिक सत्यापन किया गया

सिमडेगा. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कंचन सिंह ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे. उनकी उपस्थिति में विधानसभा क्षेत्र 70 सिमडेगा एवं 71 कोलेबिरा के स्ट्रांग रूम को नियमानुसार खोला गया और वहां सुरक्षित रखी गयी इवीएम मशीनों का भौतिक सत्यापन किया गया.

अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये

उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, निगरानी प्रणाली, रिकॉर्डिंग व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधन की विस्तृत जांच की. उन्होंने कमरों की सीलिंग, डबल लॉक की स्थिति और अन्य मानदंडों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. इसके साथ ही अग्निशमन व्यवस्था का भी जायजा लिया गया. उपायुक्त ने अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे कर्मियों को अग्निशमन यंत्रों के प्रभावी उपयोग और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करें. उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को उपकरणों के संचालन की समुचित जानकारी होना आवश्यक है.

एसआइआर को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की

निरीक्षण उपरांत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. . बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतनीकरण, पात्र मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग, बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा हुई. उपायुक्त ने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए. साथ ही उन्होंने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो.

इस मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटु महतो, कार्यपालक अभियंता अमृत मिंज सहित भाजपा, कांग्रेस, झामुमो, राजद, आप और आजसू पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >