सिमडेगा. ठेठईटांगर में गुरुवार को मनरेगा बचाओ संग्राम, पेसा कानून नियमावली व एसआइआर पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया गया. कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सह सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी व महिला जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा मुख्य रूप से उपस्थित थी. विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि मनरेगा सिर्फ मजदूरी देने की योजना नहीं है, यह ग्रामीण सम्मान व आत्मनिर्भरता का आधार है. आज जरूरत है कि इस योजना का सही क्रियान्वयन हो, काम समय पर मिले और भुगतान में देरी न हो. पेसा कानून हमारे गरीब आदिवासी समाज की अस्मिता की ढाल है. उन्होंने कहा कि ग्रामसभा को अधिकार मिले बिना विकास अधूरा है. कहा कि प्रशिक्षण से हमारे कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं का सही मूल्यांकन कर पायेंगे और हर पंचायत में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित होगी. शिविर में एसआइआर प्रशिक्षण देने के लिए जिप सदस्य सामरोम पॉल तोपनो, सुचिता तिर्की एवं डॉ इम्तियाज हुसैन उपस्थित थे, जिन्होंने 86 बूथों के सभी बीएलए को तकनीकी व व्यावहारिक जानकारी दी. कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष अशफाक आलम, मंडल अध्यक्ष जॉन लकड़ा, मंडल अध्यक्ष जॉनसन डांग, सांसद प्रतिनिधि फ्रांसिस बिलुंग, विधायक प्रतिनिधि शमी आलम, रवेल लकड़ा, मो कारू, शकील अहमद, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बिपिन पंकज मिंज, अल्पसंख्यक प्रखंड अध्यक्ष मो वाहिद, युवा अध्यक्ष असित केरकेट्टा, पंचायत अध्यक्ष अनिल सुरीन समेत 15 पंचायतों के पंचायत अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
झारखंड की ताकत गांव है और गांव की ताकत जनता : विक्सल
विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि झारखंड की ताकत गांव है और गांव की ताकत जनता. पेसा कानून हमारे समुदाय को निर्णय लेने की शक्ति देता है. इसका सही पालन हो, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. मनरेगा से हजारों परिवारों की आजीविका चलती है. इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. बीएलए आज जिस तरह प्रशिक्षण ले रहे हैं, उससे भविष्य में और अधिक पारदर्शी व जवाबदेह पंचायत व्यवस्था बनेगी.ग्रामीण अपने अधिकारों को जानें : जोसिमा खाखा
महिला जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि पेसा कानून व मनरेगा में महिलाओं की भागीदारी सबसे अहम है. गांव की प्रत्येक महिला अपने अधिकारों को जाने, ग्रामसभा में भाग लें और योजनाओं की निगरानी करें. यही असली बदलाव है. आज का प्रशिक्षण शिविर महिलाओं, युवाओं व पंचायत प्रतिनिधियों को मजबूत बनायेगा. हमारा लक्ष्य है कि हर योजना का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण विकास में महिलाएं समान भागीदार बनें.
