सिमडेगा : सड़क निर्माण में अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण

रबई-रामजोल-सुमिनबेड़ा सड़क निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण. ग्रामीणों ने मानकों के पालन की मांग की.

बानो (सिमडेगा). मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रबई से रामजोल-सुमिनबेड़ा तक करीब 4.4 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण कार्य में अनियमितता की ग्रामीणों की शिकायत के बाद सांसद प्रतिनिधि अजीत कंडुलना और कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो. रफीक अंसारी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया.

पानी का छिड़काव और रोलर चलाने के बाद ही आगे का निर्माण

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले से बनी पीच सड़क की खुदाई किए बिना ही उसके ऊपर जीएसबी बिछायी जा रही है. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार कराने की मांग की. उनका कहना था कि जरूरत के अनुसार पहले खुदाई की जाए, इसके बाद निर्धारित मोटाई में जीएसबी बिछाने, पानी का छिड़काव और रोलर से उचित समतलीकरण करने के बाद ही आगे का निर्माण कार्य कराया जाए.

अधिकारियों से ली निर्माण कार्य की जानकारी

सांसद प्रतिनिधि अजीत कंडुलना ने संबंधित ईई और जेई से फोन पर सड़क निर्माण की जानकारी ली. उन्होंने ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी मांगी. जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही.

16 साल से अधूरा पड़ा छात्रावास

सड़क निर्माण स्थल का निरीक्षण करने के बाद टीम ने बांकी पंचायत स्थित आरसी मिशन परिसर के छात्रावास का भी जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान छात्रावास भवन वर्षों से अधूरा मिला. स्थानीय लोगों के अनुसार, भवन करीब 16 वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है. मौके पर प्रखंड उपाध्यक्ष जेम्स डांग, मीडिया प्रभारी सोयब अंसारी, मंडल अध्यक्ष शमशेर आलम समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dharamveer Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >