तुमडेगी चर्च में डकैती व फादर पर हमले के विरोध में मसीही समाज सड़कों पर उतरा

तीन दिन पूर्व तुमडेगी चर्च में हुई डकैती और दो फादरों पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में रविवार को मसीही समाज के लोग सड़कों पर उतर आये

प्रतिनिधि सिमडेगा. तीन दिन पूर्व तुमडेगी चर्च में हुई डकैती और दो फादरों पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में रविवार को मसीही समाज के लोग सड़कों पर उतर आये. यह विरोध प्रदर्शन आदिवासी जागरूकता मंच एवं ऑल चर्चेस कमेटी के तत्वावधान में किया गया. हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा इस रैली में शामिल हुए. तीन दिन पूर्व अपराधियों ने तुमडेगी चर्च में डकैती की घटना को अंजाम दिया था. इस दौरान दो फादरों की बेरहमी से पिटाई की गयी थी. जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये. पीड़ितों ने घटना की प्राथमिकी थाना में दर्ज करायी थी. किंतु अब तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है. इसी घटना से आक्रोशित मसीही समाज ने आज विरोध मार्च निकालकर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की. निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोग अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में एकत्र हुए और वहां से विरोध मार्च निकाला. विरोध मार्च अल्बर्ट एक्का स्टेडियम से होते हुए कचहरी रोड, झूलन चौक, अपर बाजार, नीचे बाजार और पेट्रोल पंप तक पहुंची. पुन: उसी मार्ग से वापस स्टेडियम पहुंचा. रैली में शामिल लोगों के हाथों में तख्तियां थीं. जिन पर लिखा था “चर्च पर हमला बंद करो”, “ईसाई धर्मगुरुओं को निशाना बनाना बंद करो”, “मसीही समाज का शोषण बंद करो”. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की. स्टेडियम में सभा के दौरान समाज के पुरोहितों ने मांगपत्र पढ़कर सुनाया और प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती है तो ईसाई समाज आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार रहेगा. पुरोहितों ने कहा कि अब चर्चों और फादरों पर हमलों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सभा के अंत में प्रशासन से मांग की गई कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. मौन धारण किया गया अलबर्ट एक्का स्टेडियम में कार्यक्रम के दौरान ही झारखंड के प्रधान महालेखाकार बेंजामिन लकड़ा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिये दो मीनट का मौन धारण कर ईश्वर से प्रार्थना की गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >