सिमडेगा. रामजानकी मंदिर परिसर में गणेश पूजा समिति की ओर से आयोजित पांच दिवसीय गणेश उत्सव के चौथे दिन गुरुवार शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ. इसमें फैंसी ड्रेस, ग्रुप डांस, सिंगल डांस, सोलो डांस और एकल गायन प्रतियोगिता हुई. बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. ‘गणपति बप्पा मोरया’ सहित विभिन्न भक्ति व मनोरंजक गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम देखने के लिए मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही.
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नैतिक शर्मा, श्रीनिका कुमारी और केयारा अग्रवाल सहित बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा में प्रस्तुति दी. नृत्य प्रतियोगिता में केयारा, आयुसी एंड ग्रुप, आकृति शर्मा, दीक्षा कुमारी, देवांशी अग्रवाल, श्रीनिका कुमारी और श्रेया कुमारी सहित अन्य प्रतिभागियों ने प्रस्तुति दी. प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका राज हॉस्पिटल के संचालक डॉ भानु प्रताप साहू, पार्वती महिला कॉलेज के प्राचार्य प्रो सत्यव्रत ठाकुर और अतीक रजक ने निभायी.
सफल प्रतिभागियों के साथ कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. आयोजन को सफल बनाने में विनीत मित्तल, नरेश शर्मा, शंभू शर्मा, सत्यानंद प्रसाद, मोहित जैन, नितेश जैन, भरत बामालिया, अमित जैन, सचिन शर्मा, संदीप शर्मा, सूरज गोयल, हर्ष जैन सहित गणेश पूजा समिति के अन्य सदस्यों की भूमिका रही.
