सिमडेगा. कोलेबिरा पंचायत के सेमरटोली में विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी के नेतृत्व में वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया. मौके पर विधायक ने कहा कि हमारा देश आजादी से पूर्व अंग्रेजों के हाथों गुलाम था. किंतु देश के महान नेताओं के बलिदान से यह देश 1947 में स्वतंत्र हुआ. देश के आजादी में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी समुदाय, सभी धर्मों के लोगों ने अपना खून पसीना बहा कर आजादी दिलाने का काम किया. किंतु उस समय भी कुछ लोग थे, जो आजादी के दीवानों का खून बहता हुआ देखते रहे. चूंकि वे लोग मनुवादी सोच रखने वाले थे. मनुवादी सोच वाले लोग इस देश को हिंदू राष्ट्र बनाने का मंसूबा पाले थे. इसके फलस्वरूप 1925 में इन लोगों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की. आरएसएस के लोग सदैव लोगों व युवाओं को दिग्भ्रमित करते आ रहे हैं कि यह देश हिंदुओं का है और हिंदू राष्ट्र होना चाहिए. इस प्रकार हम आप अपने बच्चों को धर्म के अनुसार अपने ईश्वर की स्तुति कराते हैं, ठीक उसी प्रकार आरएसएस आज की युवा पीढ़ी को दिग्भ्रमित कर मनुवादी सोच उनके दिलों में डाल रहा हैं, जो इस देश और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए घातक है. कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष सुलभ नेल्सन डुंगडुंग ,अमृत डुंगडुंग, संजय हेरेंज, विधायक प्रतिनिधि मारवाड़ी सिंह, कोलेबिरा पंचायत अध्यक्ष कुलदीप सोरेंग आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
