सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से जागरूक बनें: देवनंदन प्रधान

सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से जागरूक बनें: देवनंदन प्रधान

सिमडेगा. कुरडेग प्रखंड के आसनबेड़ा अंबाटोली गांव में आयोजित पांच दिवसीय 12वें गोंडवाना समर कैंप सह युवा सम्मेलन शुक्रवार को संपन्न हो गया. समापन समारोह में झारखंड सहित विभिन्न राज्यों से आये प्रतिभागियों, अभिभावकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों की भारी उपस्थिति रही. पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह, उमंग और सामाजिक एकता का अद्भुत माहौल देखने को मिला. गोंडवाना आदिवासी कल्याण एवं विकास मंच, गोंडवाना छात्र संघ सिमडेगा तथा जागृति समिति आसनबेड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस पांच दिवसीय शिविर में बच्चों एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए शिक्षा, खेल, नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निर्माण, सांस्कृतिक संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया. समापन समारोह की शुरुआत पारंपरिक गोंडी रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुई. कैंप में शामिल विभिन्न टीमों के प्रतिभागियों ने नृत्य, पारंपरिक गीत, समूह गायन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. बच्चों और युवाओं द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि देवनन्दन प्रधान ने कहा कि गोंडवाना समर कैंप केवल एक कैंप नहीं, बल्कि समाज के भीतर शिक्षा, संस्कृति, नेतृत्व और सामाजिक चेतना के विकास का एक सशक्त आंदोलन है. उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों और युवाओं को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हुए आधुनिक शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान से भी लैस करना समय की आवश्यकता है. युवाओं को अब सामाजिक राजनीतिक और आर्थिक रूप से मजबूत होना होगा. के के शांडिल्य ने युवाओं से शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा हथियार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज की प्रगति और सशक्तीकरण का मार्ग शिक्षा एवं संगठन से होकर गुजरता है.

इस अवसर पर हेठमा पंचायत की मुखिया सुनीता देवी, शशि प्रधान, मोहनाथ प्रधान, रामचंद्र मांझी, हीराधर मांझी, इंद्रावती देवी, रवींद्र मांझी, प्रफुल चंद्र बेसरा, देवसिंह मांझी , बालसिंह प्रधान सहित कई लोगों ने अपनी विचार रखे.समापन के अवसर पर कैंप के दौरान आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, बौद्धिक गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं समूह कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस मौके पर अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी पुष्पा मांझी के परिजनों को भी सम्मानित किया गया. अतिथि के रूप में उपस्थित हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने पुष्पा मांझी के माताजी को शोल ओढ़ाकर और पौधा देकर सम्मानित किया.

ईमानदारी से कार्य करे तो आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता.

गौरतलब है कि पुष्पा मांझी समर कैंप की प्रतिभागी है जो आज अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंची हैं. सम्मानित करते हुए मनोज कोनबेगी ने कहा कि अगर उभरते प्रतिभा मेहनत और ईमानदारी से कार्य करे तो उन्हें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता. कार्यक्रम के आयोजक गोंडवाना विकास मंच के संरक्षक कमलेश्वर मांझी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा गोंडवाना समर कैंप समाज के बच्चों और युवाओं के लिए एक सशक्त मंच के रूप में स्थापित हो चुका है.आयोजन को सफल बनाने में गोंडवाना आदिवासी कल्याण एवं विकास मंच, गोंडवाना छात्र संघ, जागृति समिति आसनबेड़ा तथा स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >