कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटियां वज्रगृह में सील

कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटियां वज्रगृह में सील

सिमडेगा. नगर परिषद के 20 वार्डों में सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गयी. शाम पांच बजे तक मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया. निर्धारित समय के बाद मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मियों ने प्रत्याशियों और उनके एजेंटों की मौजूदगी में मतपत्रों को विधिवत सील कर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की. सभी मतदान केंद्रों से सीलबंद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सिमडेगा कॉलेज परिसर में जमा कराया गया. कॉलेज परिसर में बनाये गये वज्रगृह में 20 वार्डों से आयीं मतपेटियों को सुरक्षित रखा गया है. यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं, ताकि मतपेटियों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके. नगर परिषद अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों की किस्मत अब मतपेटियों में बंद हो चुकी है. 27 फरवरी को प्रत्याशियों व मतगणना कर्मियों की उपस्थिति में सीलबंद मतपेटियों को खोला जायेगा और उसी दिन मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जायेंगी. इसके बाद अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के भाग्य का फैसला हो जायेगा. चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने संतोष जताया है. उपायुक्त कंचन सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदाताओं और संबंधित कर्मियों का आभार प्रकट किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >