जागरूकता अधिकारों की रक्षा का मजबूत आधार : राजीव सिन्हा

90 दिवसीय विधिक जागरूकता व जनसंपर्क अभियान शुरू

सिमडेगा. झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में चलने वाले 90 दिवसीय विधिक जागरूकता व जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ गुरुवार को हुआ. अभियान के पहले दिन शहर में जागरूकता रैली निकाली गयी. रैली को प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा, एडीजे नरंजन सिंह तथा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम आदि ने न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. रैली कोर्ट परिसर से निकल कचहरी चौक, महावीर चौक, मेन रोड बस स्टैंड, झूलन सिंह चौक होते हुए प्रिंस चौक तक पहुंची. इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों, पैनल अधिवक्ताओं, मध्यस्थों व कर्मियों ने आमजनों को निःशुल्क विधिक सहायता, टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी. बताया गया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजनों को उनके संवैधानिक व विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और न्याय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करना है. इसके तहत आगामी दिनों में प्रखंड व पंचायत स्तर पर विधिक जागरूकता शिविर, विधिक साक्षरता कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेजों में संवाद सत्र तथा घर-घर संपर्क अभियान चलाया जायेगा. अभियान के दौरान महिला अधिकार, बाल संरक्षण, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, साइबर अपराध, नशामुक्ति, श्रम कानून व मोटर दुर्घटना मुआवजा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जायेगी. साथ ही पात्र लाभुकों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया जायेगा. विशेष पहल के तहत मंडल कारा में बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करायी जायेगी. साथ ही विचाराधीन बंदियों के मामलों की समीक्षा कर उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जायेगा. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार अध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि यह अभियान न्याय को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. कहा कि जागरूकता अधिकारों की रक्षा का सबसे मजबूत आधार है. मौके पर सीजेएम निताशा बारला, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष रमेश कुमार श्रीवास्तव, डीएसपी रणवीर सिंह, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामप्रीत प्रसाद, चीफ एलएडीसीएस प्रभात कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी एलएडीएस ब्रिखभान अग्रवाल, असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल, थाना प्रभारी भिखारी राम आदि उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >