सिमडेगा. सिमडेगा पुलिस लगातार एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान चला रही है. अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों व प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच की जा रही है. जांच के दौरान दोपहिया व चारपहिया वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर निगरानी रखी जा रही है. पुलिस ने यातायात नियमों के अनुपालन, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है. इस कड़ी में एक से तीन जून तक जिले के सभी थाना/ओपी क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. वाहन चेकिंग अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना, अवैध हथियार, मादक पदार्थ समेत अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाना तथा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखना है.
एवंजेलिकल कोचिंग सेंटर का उदघाटन
कोलेबिरा. टकरमा पेरिस काउंसिल यूथ की पहल कोलेबिरा प्रखंड के लचरागढ़ स्थित जीइएल चर्च सीटीसी सेंटर में एवंजेलिकल कोचिंग सेंटर खउला. इसका उद्घाटन टकरमा पेरिस काउंसिल के चेयरमेन पादरी निर्दोष बाघवार व पास्टोरेट चेयरमेन पादरी जुलेन बागे ने संयुक्त रूप से किया. संचालक ने बताया कि कोचिंग सेंटर में किसी समुदाय के इच्छुक छात्र-छात्राएं पंजीकरण कर नामांकन करा सकते हैं. यहां विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रवेश परीक्षाओं की विशेष तैयारी करायी जायेगी. उद्घाटन समारोह में पेरिस सचिव रोयन बागे, युवा संघ सभापति अनिल लुगून, दीपक कंडुलना, प्रचारक सुरेश कुड्डू, अजीत बूढ़, शबनम केरकेट्टा, शिक्षक समीर कुजूर, प्रचारक इलियास सुरीन, महिला समिति की सदस्य नूतन कंडुलना, उषा बूढ़ आदि उपस्थित थे.
