AI से बदलेगा सरकारी कामकाज का तरीका, सिमडेगा में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न

सिमडेगा बना झारखंड का पहला जिला जहां सरकारी अधिकारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण दिया गया. कार्यक्षमता बढ़ाने पर दिया गया जोर.

सिमडेगा. बदलते तकनीकी दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सरकारी कार्यप्रणाली को अधिक तेज, प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. एआई कर्मचारियों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता को बढ़ाने वाला तकनीकी उपकरण है. इसके उपयोग से बेहतर और सक्षम वर्क फोर्स तैयार की जा सकती है. उक्त बातें उपायुक्त कंचन सिंह ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित दो दिवसीय एआई प्रशिक्षण कार्यशाला के समापन समारोह में कहीं. सिमडेगा झारखंड का पहला जिला है, जहां सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एआई पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. जेएसएलपीएस के माध्यम से उपायुक्त के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सरकारी कार्यों में एआई के व्यावहारिक उपयोग, संभावनाओं और जिम्मेदार इस्तेमाल की जानकारी दी गयी.

उपायुक्त ने कहा कि एआई के सही उपयोग से दस्तावेज तैयार करने, सूचनाओं को व्यवस्थित करने, आंकड़ों का विश्लेषण करने और कार्यालय के कार्यों को कम समय में पूरा करने में मदद मिल सकती है. उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मियों को नई तकनीक सीखकर उसे अपने दैनिक कार्यों में शामिल करना चाहिए. ताकि समय और संसाधनों की बचत के साथ कार्यों की गुणवत्ता भी बेहतर हो.

उन्होंने एआई के इस्तेमाल में डेटा सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखने की बात कही. एआई से प्राप्त जानकारी का बिना सत्यापन उपयोग नहीं करने की भी सलाह दी. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ तभी है, जब इसका उपयोग आम जनता को बेहतर और त्वरित सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में हो.

समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को उपायुक्त ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया. प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनके दैनिक कार्यालयीन कार्यों को अधिक सरल और व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी. कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravikant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >