सिमडेगा. संत अन्ना महाचर्च सामटोली में गुड फ्राइडे पर ईसा मसीह के दुखभोग को श्रद्धा व भक्ति के साथ स्मरण किया गया. मौके पर युवा संघ सामटोली ने आकर्षक व मार्मिक क्रूस रास्ता की झांकी प्रस्तुत की, जिसमें प्रभु यीशु के कष्ट व बलिदान को जीवंत रूप में दर्शाया गया. भक्ति गीतों के माध्यम से पवित्र मास को और भी भावपूर्ण बना दिया गया. धार्मिक अनुष्ठान का नेतृत्व सिमडेगा धर्मप्रांत के बिशप विंसेंट बरवा ने किया. उनके साथ सामटोली पल्ली के पल्ली पुरोहित सह वीजी इग्नासियुस टेटे समेत अन्य पुरोहितों, सिस्टर्स व बड़ी संख्या में मसीह विश्वासी उपस्थित थे. बिशप विंसेंट बरवा ने कहा कि गुड फ्राइडे प्रेम, त्याग व क्षमा का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि ईसा मसीह ने पूरी मानवता के पापों के लिए क्रूस पर अपना बलिदान दिया और अपने जीवन से सच्चे प्रेम का मार्ग दिखाया. उन्होंने कहा कि हे पिता इन्हें क्षमा कर क्योंकि ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं. यह वचन हमें सिखाता है कि क्षमा ही सबसे बड़ी शक्ति है. उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में प्रेम, दया और करुणा को अपनायें और अहंकार, क्रोध और द्वेष का त्याग करें. बिशप ने कहा कि गुड फ्राइडे आत्मचिंतन का दिन है, जो हमें यह सोचने का अवसर देता है कि हम अपने जीवन को कितना बेहतर बना सकते हैं. उन्होंने कहा कि हर पीड़ा के बाद आशा का प्रकाश आता है और कठिनाइयां हमें और मजबूत बनाती हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने में फादर दोमनिक, सिस्टर सलीमा, सिस्टर स्मिता, ब्रिसियुस, अनुप, राजन बा, महिला संघ कमेटी एवं युवाओं का सराहनीय योगदान रहा. अंत में सामटोली पारिस के समस्त विश्वासियों ने इस पावन दिन को भगवान को समर्पित किया.
अपने जीवन में प्रेम दया और करुणा को अपनायें: बिशप विंसेंट बरवा
संत अन्ना महाचर्च सामटोली में मनाया गया गुड फ्राइडे
