सिमडेगाः उपायुक्त कंचन सिंह के निर्देश पर अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो ने समाहरणालय में जनता दरबार आयोजित कर जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने प्रत्येक फरियादी से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली. इसके बाद संबंधित पदाधिकारियों को मामलों के निष्पादन के लिए आवेदन अग्रसारित किया.
ये भी पढ़ें- प्रवासी युवाओं के लिए स्थानीय रोजगार के अवसर होंगे तैयार, बांसजोर में DDC ने की योजनाओं की समीक्षा
जमीन विवाद से जुड़े कई आवेदन मिले
जनता दरबार में जमीन को प्रतिबंधित सूची से हटाने, निजी जमीन पर अवैध मकान निर्माण रोकने, पट्टा सुधार, खतियानी और पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा तथा गलत वंशावली के आधार पर जमीन पर दावा किये जाने से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए. अपर समाहर्ता ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा.
संबंधित पदाधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश
अपर समाहर्ता ने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाये. मौके पर अंचलाधिकारी, सदर सिमडेगा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
