कोलेबिरा (सिमडेगा). कोलेबिरा थाना क्षेत्र के कॉलेज टोली में मारपीट और स्कूटी क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहुटोली, कोलेबिरा निवासी जगन्नाथ प्रसाद उर्फ जग्गू प्रसाद के रूप में हुई है. घटना को लेकर 21 सितंबर को एक महिला ने कोलेबिरा थाना में लिखित आवेदन दिया था. आवेदन के अनुसार, 20 सितंबर को अपराह्न करीब 4.30 बजे कॉलेज टोली में महिला के पति के साथ जगन्नाथ प्रसाद उर्फ जग्गू प्रसाद ने कथित रूप से मारपीट की. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान महिला के पति के जमीन पर गिर जाने के बाद भी उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई. इसके बाद उनके भाई लक्ष्मी प्रसाद को भी घटनास्थल पर बुलाया गया और दोनों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया.
पैर में फ्रैक्चर और सिर में चोट का आरोप
महिला के आवेदन में बताया गया है कि घटना में उसके पति के पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर हुआ है. साथ ही सिर में भी चोट लगने की बात कही गई है. इसके अलावा स्कूटी को क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप लगाया गया है. मामले में कोलेबिरा थाना में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर प्राथमिकी अभियुक्त जगन्नाथ प्रसाद उर्फ जग्गू प्रसाद को गिरफ्तार किया. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को 22 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.
