मास्टर प्लान पर हुई चर्चा
नया बस स्टैंड को वाइफाइ किया जायेगा
सिमडेगा : शहरी क्षेत्र में लगभग 40 करोड़ की लागत से नया बस स्टैंड बनाया जायेगा. इसकी प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गयी है. बुधवार को समाहरणालय में डीपीआर को अंतिम रूप देने के लिए विधायक विमला प्रधान, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के साथ नगर परिषद के वार्ड पार्षदों की बैठक हुई.
डीआइएमटीएस के परार्मशी विपुल मिश्र तथा जुडको के टेक्निकल सेल एक्सपर्ट कुणाल कर्ण ने जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड निर्माण के मास्टर प्लान की रूपरेखा से उपायुक्त व विधायक सहित वार्ड पार्षदों को अवगत कराया. बताया गया कि पीपीटी के माध्यम से बस स्टैंड को मॉडल बस स्टैंड के रूप में विकसित किया जायेगा. उपायुक्त ने कहा कि जो सबसे बेस्ट मॉडल होगा, उसी के तर्ज पर बस स्टैंड का निर्माण किया जायेगा. उपायुक्त व विधायक ने यात्री व बस कर्मियों के लिए अलग-अलग शौचालय निर्माण कराने को कहा.
नये बस स्टैंड में मुक्त में नेट की सुविधा दी जायेगी. एसी से लैस प्रतीक्षालय होगा. विमला प्रधान ने कहा कि एनएच के चौड़ीकरण की संभावना को देखते हुए बस स्टैंड की रूपरेखा तय की जाये, ताकि दुर्घटना ना हो. सुरक्षा का विशेष ध्यान होना चाहिए. उपस्थित वार्ड सदस्यों ने भी अपने-अपने विचार रखे. बैठक में नगर परिषद के उपाध्यक्ष संतोष देवी, कार्यपालक पदाधिकारी गणौरी मोची, सीटी मैनेजर अनंत खलखो व वार्ड सदस्य के अलावा अन्य लोग उपस्थित थे.
