सिमडेगा : नगर परिषद कार्यालय के निकट नगर अपना संस्था के तत्वावधान में होल्डिंग तथा पानी टैक्स में की गयी वृद्धि के खिलाफ एक दिवसीय धरना दिया गया. टैक्स मुद्दे को लेकर नगर अपना का यह तीसरा धरना था. संस्था के अध्यक्ष चंदन डे ने कहा कि होल्डिंग व पानी टैक्स में की गयी अप्रत्याशित वृद्धि गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोगों की कमर तोड़ने वाली है.
टैक्स में की गयी वृद्धि को फौरन वापस लिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस विषय पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए तथा लोगों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रख कर टैक्स में वृद्धि किया जाना चाहिए. पूर्व विधायक बसंत कुमार लोंगा ने कहा कि सरकार लोगों के साथ रंगदारी कर रही है. बिना सोचे समझे टैक्स में कई गुना वृद्धि कर दिया गया है जो पूरी तरह से गलत है. जितना जल्द हो सके इस निर्णय को वापस लिया जाना चाहिए.
पूर्व जिप सदस्य नील जस्टीन बेक ने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहरी क्षेत्र में सुविधाएं तो उपलब्ध करायी नहीं जाती है, ऊपर से टैक्स में वृद्धि लगातार जारी है. उन्होंने कहा कि नगर परिषद को पहले शहरी क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को दूर करना चाहिए
यदि होल्डिंग टैक्स पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो टैक्स वृद्धि के खिलाफ लगातार आंदोलन जारी रहेगा. इस अवसर पर तिलका रमण, संतोष अकेला,प्रफुल बेसरा, ओलिभर लकड़ा,अनिल केरकेट्टा, मतियस लकड़ा,जीवन खलखो , बिरसा प्रधान,राजेश डुंगडुंग, बेंजामिन कुल्लू, मसुआ, शशि कुल्लू,रेमोन बा, हेमंत बा के अलावा अन्य लोग उपस्थित थे.
