सिमडेगा. रेंगारीह पुलिस ने छापामारी अभियान चला कर अपराधियों के कई सामान बरामद किये हैं. इस आशय की जानकारी प्रेस कांफ्रेंस में एसपी राजीव रंजन सिंह ने दी. उन्होंने बताया कि रेंगारीह पुलिस कोनपाला क्षेत्र में छापामारी अभियान चला रही थी. इसी क्रम में लेटाबेड़ा जंगल के पास चार लोग एक चट्टान पर बैठे नजर आये. पुलिस को आता देख वह भागने लगे.
पुलिस ने उक्त लोगों को पकड़ने का प्रयास किया, किंतु उक्त लोग जंगल का लाभ उठाते हुए भागने में सफल रहे. एसपी ने बताया कि उक्त स्थान से एक देसी रिवाल्वर, एक कट्टा, दो कारतूस व एक पिठु आदि पुलिस ने बरामद किया. एसपी ने बताया कि उक्त लोग अपराधी थे, किंतु किस संगठन के थे, इसकी जांच की जा रही है. उक्त क्षेत्र में पहाड़ी चीता एवं विजय डांग ग्रुप का वर्चस्व है. छापामारी अभियान में रेंगारीह थाना प्रभारी मो यूसुफ खान, सीआरपीएफ 94 बटालियन के सहायक कमांडेंट संजय कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे. प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ अमित कुमार सिंह व एएसपी अभियान निर्मल गोप सहित अन्य उपस्थित थे.
