ठेठइटांगर : मडेगा धर्म प्रांत के भकुमुंडा स्थित संत टेरेसा गिरजा घर परिसर में पुरोहिताभिषेक समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर बांसजोर प्रखंड साजबहाल निवासी उपयाजक प्रदीप लकड़ा का पुरोहित अभिषेक किया गया. समारोह में मुख्य अनुष्ठाता के रूप में सिमडेगा धर्म प्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप विंसेंट बरवा उपस्थित थे. बिशप बरवा ने पुरोहित अभिषेक की संपूर्ण धर्म विधि संपन्न करायी. उन्होंने उपयाजक प्रदीप लकड़ा को पुरोहिताई जीवन का मर्म समझाया. इस मौके पर अपने प्रवचन में बिशप बरवा ने कहा कि पुरोहिताई जीवन ईश्वर का अनुपम वरदान है. पुरोहिताई जीवन मानव सेवा के लिये समर्पित है. ईश्वर पुरोहितों को दुनिया में न्याय, शांति व मुक्ति योजना को आगे बढ़ाने के लिये चुनते हैं. ईश्वर मनुष्य को कृपा पाने के योग्य बनाता है. उन्होंने कहा कि इश्वर के इच्छा के मुताबिक ही मनुष्य का जन्म होता है. ईश्वर हर परिस्थिति में मनुष्यों का सहयोग करते हैं.
हमें ईश्वर की इच्छा को पहचानने की जरूरत है. पुरोहित के माध्यम से ईश्वर दुनिया में शांति स्थापित करना चाहते हैं. पुरोहित अपने जीवन को पवित्र एवं लोगों की सेवा के लिये समर्पित रखें. मिस्सा अनुष्ठान से पूर्व छात्राओं द्वारा बिशप व अन्य पुरोहितों को बलि बेदी तक लाया गया. समारोह के दौरान बाइबल जुलूस निकाला गया तथा चढ़ावा नृत्य भी प्रस्तुत की गयी. मिस्सा अनुष्ठान ने बिशप बरवा का सहयोग फादर थोमस सोरेंग, फादर हिलारूस बारला, फादर अंतोनी हेमरोम, फादर अजीत खलखो, फादर अनूप टोप्पो, फादर अंतोनी सोरेंग, फादर इसीदोर बा, फादर जेरोम खलखो, फादर विजय तिर्की, फादर इसीदोर केरकेट्टा, फादर ग्रेगोरी केरकेट्टा सहित 30 पुरोहितों ने किया.
मिस्सा गीत संचालन इग्नेस सोरेंग , अनुकेत , रवि, संदीप, जीतवाहन, राजेश सोरेंग की अगुवाई में सिस्टर, ब्रदर एवं मंडली के सदस्यों ने किया . इस अवसर पर स्वागत समारोह का भी आयोजन किया गया.इस मौके पर नव अभिषिक्त पुरोहित का हाथ धुलाई, तेल मलन एवं तिलक लगा कर स्वागत किया गया. सेवक की भूमिका आनंद , अभिषेक, उज्वल सुरीन, अनिल जड़िया , आनंद सोरेंग, आलेक्स केरकेट्टा ने निभायी. कार्यक्रम में भुकुमुंडा पल्ली के सिहरजोर, कुलामारा, सकम बहार, कहुपानी, उरते, कादोपानी, डोंगापानी मंडली के सदस्यों एवं काफी संख्या में विश्वासियों ने भाग लिया.
