स्वास्थ्य कर्मियों की मासिक बैठक
सिमडेगा : सदर अस्पताल परिसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वास्थ्य कर्मियों की मासिक बैठक हुई. बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जगदीश प्रसाद उपस्थित थे. इस अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों को संबोधित करते हुए डॉ जगदीश ने कहा कि 29 जनवरी व दो फरवरी को पल्स पोलिया अभियान कार्यक्रम के तहत शून्य से पांच साल तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा देनी है.
प्रखंड को जो लक्ष्य दिया गया है उस लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करने का प्रयास करना है. उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य कर्मी पल्स पोलियो अभियान को गंभीरता से लें. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि किशोरियों को आयरन की गोली देना है तथा उन्हें एलबेंडाजोल की गोली भी दें. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पांच साल तक तक के बच्चों को आंगनबाड़ी में तथा पांच साल से उपर के किशोरियों को स्कूल जा कर आयरन की गोली दे़
ताकि बच्चे दवा का सेवन कर सकें. डॉ जगदीश ने संस्थागत प्रसव पर चर्चा करते हुए कहा कि संस्थागत प्रसव पर विशेष ध्यान दें. गर्भवती माताओं का रजिस्ट्रेशन करायें और उनका प्रसव अस्पताल में ही कराना सुनिश्चित करें. टीकाकरण पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि टीकाकरण सभी बच्चों के लिए जरूरी है. बच्चों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करना स्वास्थ्य कर्मियों का कर्तव्य है. बैठक में प्रखंड क्षेत्र में चलाये जा रहे अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. बैठक में शशिभूषण सिन्हा सहित एएनएम,एमपीडब्लयू एवं सहिया आदि उपस्थित थे.
