सिमडेगा : अरानी पंचायत के मुखिया शांति टेटे के पति रवि टेटे पर इंदिरा आवास निर्माण में सामग्री आपूर्ति करने एवं इंदिरा आवास आवंटित कराने के नाम पर रुपये ठगी करने का आरोप वार्ड सदस्यों एवं ग्रामीणों ने लगाया था. इस संबंध में ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की थी. उपायुक्त के निर्देश पर पदाधिकारियों की टीम अरानी पहुंची.
टीम में शामिल डीडीसी विजय कुमार मुंजनी, डीआरडीए के डायरेक्टर पूर्णचंद्र कुंकल एवं बीडीओ बंधन लौंग ने लाभुकों से एक-एक कर पूछताछ की. पूछताछ के क्रम में लाभुकों ने मामले को सही बताते हुए राशि की ठगी कर लेने की बात कही. कई लाभुकों ने कहा कि ईंट एवं अन्य सामग्री आपूर्ति के नाम पर उनसे पैसे लिये गये हैं,जबकि कुछ ग्रामीणों ने कहा कि इंदिरा आवास आवंटित करा दिये जाने के नाम पर उनसे पैसे लिये गये हैं.
जांच के क्रम में ठगी के आरोपी रवि टेटे के अलावा शिकायतकर्ता पूर्व पंचायत समिति सदस्य प्रेमदान लुगून, जनसंघर्ष समिति के सचिव सुरेश तिर्की, वार्ड सदस्य रामकृष्ण प्रसाद, रतन चीक बड़ाइक, दिव्या गुलाब सोरेंग व फ्लोरेंस लुगून सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.जांच टीम का नेतृत्व कर रहे डीडीसी विजय कुमार मुंजनी ने कहा कि इंदिरा आवास में गड़बड़ी करने की शिकायत ग्रामीणों उपायुक्त से की थी. उपायुक्त के निर्देश पर मामले की जांच की गयी. जांच के बाद मामला सत्यापित एवं प्रमाणित होने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
