प्रधानाध्यापकों को दी गयी कार्यक्रम की जानकारी
सिमडेगा : सेंट मेरीज उच्च विद्यालय के सभागार में जिला शिक्षा विभाग द्वारा प्रधानाध्यापकों का उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में सभी कोटि के उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक व विज्ञान शिक्षकों ने भाग लिया. कार्यशाला में 24वें राष्ट्रीय बाल विकास कांग्रेस 2016 आयोजित करने की जानकारी विस्तार पूर्वक दी गयी. इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी नीरू पुष्पा टोप्पो ने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का राज्य स्तरीय आयोजन अक्तूबर माह में किया जाना है.
इससे पूर्व जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया जायेगा. इसके लिये अभी से ही तैयारी शुरू कर दें. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान का आयोजन बच्चों को विज्ञान के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए किया जाता है. विज्ञान शिक्षक इसमें विशेष रूचि लेकर बच्चों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करायें. साइंस फॉर सोसाइटी झारखंड के स्टेट को-ऑर्डिनेटर केके शर्मा ने बताया कि 24वें बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया जाना है. इसमें 10 वर्ष से 17 आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं को भाग लेना है.
बाल विज्ञान कांग्रेस में भाग लेने वाले बच्चे प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, खाद्य एवं कृषि, ऊर्जा, स्वास्थ्य, सफाई एवं पोषण, जीवन शैली एवं जीवन स्तर, आपदा प्रबंधन, पारंपरिक ज्ञान-विधियां विषय पर अपना प्रोजेक्ट तैयार करेंगे. इस मौके पर साइंस फॉर सोसाइटी के जिला समन्वयक योगेंद्र प्रसाद सिंह के अलावा सभी कोटि के माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक व विज्ञान शिक्षक उपस्थित थे.
