शांति के लिए मानवता को समझें

पुरोहितों को प्रवेश नृत्य के साथ बलिबेदी तक लाया गया सिमडेगा : बानाबिरा पल्ली में फादर इग्नासियुस बाड़ा का 12वां शहादत दिवस मनाया गया. इस अवसर पर मिस्सा अनुष्ठान सहित कई धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराये गये. मुख्य अनुष्ठाता के रूप में राउरकेला के धर्म प्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप किशोर कुमार कुजूर उपस्थित थे. बिशप सहित […]

पुरोहितों को प्रवेश नृत्य के साथ
बलिबेदी तक लाया गया
सिमडेगा : बानाबिरा पल्ली में फादर इग्नासियुस बाड़ा का 12वां शहादत दिवस मनाया गया. इस अवसर पर मिस्सा अनुष्ठान सहित कई धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराये गये. मुख्य अनुष्ठाता के रूप में राउरकेला के धर्म प्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप किशोर कुमार कुजूर उपस्थित थे. बिशप सहित अन्य पुरोहितों को प्रवेश नृत्य के साथ बलि बेदी तक लाया गया. बिशप कुजूर ने मिस्सा अनुष्ठान संपन्न कराया.
उनका सहयोग बिशप हजारीबाग के धर्माध्यक्ष बिशप आनंद जोजो, सिमडेगा के बिशप विंसेंट बरवा एवं डालटनगंज के बिशप ने किया. मिस्सा अनुष्ठान से पूर्व सेंट मेरीज के प्राचार्य फादर जोन तिर्की व सेमिनरी के ब्रदर की अगुवाई में रोजरी, माला व प्रार्थना की गयी. आराधना का संचालन वीजी फादर तोबियस केरकेट्टा ने किया. फादर फुलजेंस कुल्लू द्वारा सभी पुरोहित एवं उपस्थित विश्वासियों का स्वागत किया गया. इस मौके पर फादर इग्नासियुस बाड़ा के कब्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी.
फादर आनंद एरगेट ने फादर इग्नासियुस बाड़ा के जीवन के बारे में बताया. मिस्सा अनुष्ठान के दौरान अपने प्रवचन में बिशप किशोर कुजूर ने कहा कि जीवन में शांति के लिए मानवता को समझें. साथ ही ख्रिस्तीय जीवन में अपने आप को ढालें. जीवन में शांति का अभाव है. ख्रिस्तीय जीवन की शुरुआत बपतिस्मा से होती है और मानवता सहिष्णुता से प्राप्त होती है. उन्होंने कहा कि जीवन में तोड़ने व बिखरने का काम नहीं करें, बल्कि भेदभाव छोड़ कर मेल मिलाप के साथ जीवन व्यतीत करें. स्वार्थी नहीं बनें, बल्कि दूसरों की भलाई के बारे में भी सोचें. बिशप कुजूर ने कहा कि आत्म त्याग द्वारा हम कलीसियाई जीवन, सामाजिक जीवन एवं मसीही जीवन व्यतीत कर कृपा प्राप्त करें.
अपने जीवन में यीशु मसीह को जगह दें. हमारा जीवन सृष्टिकर्ता ईश्वर पर निहित है. ख्रिस्तीय जीवन प्रेम व सेवा का जीवन है. हम प्रार्थना के माध्यम से ईश्वर से जुड़ें. मिस्सा गीत संचालन ब्रदर संजय टोप्पो , ब्रदर अशोक लकड़ा व फादर क्लमेंट लकड़ा की अगुवाई में माइनर सेमिनरी काटुकोना के ब्रदर्स व बानाबिरा के छात्र-छात्राओं ने किया.
जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया : कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जन प्रतिनिधियों को बेदी के समक्ष सम्मानित किया गया. साथ ही तीनों बिशपों ने उनके लिए विशेष प्रार्थना की. सम्मानित होने वालों में मुख्य रूप से उप प्रमुख बसंती डुंगडुंग, सिकरियाटांड़ मुखिया भूषण बाड़ा सहित लगभग तीस मुखिया, पंचायत समिति सदस्य व वार्ड सदस्य शामिल हैं. इसके अलावा रंजीत डुंगडुुग, प्रेमजीत चीक बड़ाइक, संजीता टेटे, जेरोम सोरेंग महिल्डा टेटे व विंसेंट टेटे को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में उपस्थित लोग : कार्यक्रम में मुख्य रूप से गुमला के वीजी फादर सिप्रियन कुल्लू, रेंगारीह हाई स्कूल के प्राचार्य फादर अलेक्जेंडर डुुंगडुंग, फादर बर्बट कुजूर, फादर युजीन टोप्पो, फादर पीटर मिंज, फादर मरियानुस गुलाब लुगून, फादर विपिन किशोर सोरेंग, फादर सेबेस्तियन, फादर रंजीत डुुंगडुंग, संत अन्ना धर्म समाज की सुप्रियर , बानाबिरा कैथोलिक सभा के अध्यक्ष सेलेस्टीन कुजूर, बेंजामिन लकड़ा के अलावा विभिन्न धर्म समाज के फादर, सिस्टर सहित छत्तीसगढ़, ओड़िशा एवं झारखंड के काफी संख्या में विश्वासी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >