– जिले के जनप्रतिनिधि व अधिकारियों ने लिया संकल्प
सिमडेगा : 2015 को अलविदा कहते हुए नये जोश व उमंग के साथ नये वर्ष में जिले को अपराध व उग्रवाद मुक्त कर जिले में विकास की गति को तेज करने का निर्णय यहां के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने लिया है.
उन्होंने कहा कि हम जिले में अमन चैन के साथ विकास के लिए कृत संकल्प है. स्थानीय विधायक विमला प्रधान ने जिलेवासियों को नववर्ष की शुभकमनाएं देते हुए कहा कि जिले के विकास के लिए वे कृत संकल्प है. आम जनता के सहयोग से जिले में विकास किया जायेगा.
मूलभूत सुविधा बहाले करने का भी उन्होंने संकल्प लिया. उपायुक्त विजय कुमार सिंह ने कहा कि जिले में उनकी पहली प्राथमिकता किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराना है. सिंचाई की सुविधा होने से जिले में खेती को बढ़ावा मिलेगा. लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे. जिले में विकास की गति को और तेज किया जायेगा. वे नववर्ष में भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगाने का प्रयास करेंगे.
श्री सिंह ने जिलेवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी. एसपी राजीव रंजन सिंह ने नववर्ष में जिले को उग्रवाद तथा अपराधमुक्त बनाने का संकल्प लिया. नववर्ष के संकल्प में पहाड़ी चीता, पीएलएफआई, माओवादी को गिरफ्तार करना शामिल है. एसपी ने बताया कि नये वर्ष में तीन माह का टास्क बनाया गया है. जिसमें मुख्य रूप से लेले साहू, महेश, गुजू, तिलकामान के अलावा अन्य अपराधियों व उग्रवादियों को गिरफ्तार करना है. श्री सिंह ने बताया कि जनवरी से फरवरी माह तक नये चुने गये जनप्रतिनिधियों को पुलिस से जोड़ा जायेगा.
श्री सिंह ने कहा कि जनवरी व फरवरी दो माह में जनप्रतिनिधियों के सम्मान में पुलिस द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा. जनप्रतिनिधि व पुलिस के आपसी सहयोग से जिले को अपराध व उग्रवाद मुक्त बनाया जायेगा. श्री सिंह ने जिलेवासियों को नये वर्ष की शुभकामनाएं दी.
