– जुटको व डीआइएमटीएस संस्था के अधिकारियों ने किया अवलोकन
सिमडेगा : बस स्टैंड व टैक्सी स्टैंड की तसवीर बदलने की कवायद शुरू हो गयी है. उक्त दोनो स्टैंडों का जीर्णोद्धार कर नक्शा बदला जायेगा. उन्हें एक नया रूप दिया जायेगा. उक्त कार्य को लेकर ही शुक्रवार को डीआइएमटीएस एवं जुटको संस्था के अधिकारी सिमडेगा पहुंचे.
संस्था के अधिकारियों ने नगर परिषद कार्यालय में नगर परिषद के अध्यक्ष , उपाध्यक्ष एवं कनीय अभियंता के साथ बैठक कर आवश्यक जानकारियां लेते हुए प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार की. बैठक के बाद उक्त अधिकारियों ने टैक्सी स्टैंड एवं बस स्टैंड का अवलोकन किया.
इस दौरान जमीन का ब्योरा भी प्राप्त किया. बस मालिकों व बस संचालकों से भी मुलाकात कर उनसे भी सुविधाओं से संबंधित राय लिये. डीआइएमटीएस के वीरेंद्र सिंह, विपुल मिश्रा एवं जुटको के कुणाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बस एवं टैक्स स्टैंड में सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेगी. सभी सहयोग से प्रोजेक्ट का नक्शा तैयार किया जायेगा.
उन्होंने बताया कि जरूरत के मुताबिक सभी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेगी. मौके पर नप अध्यक्ष फूलसुंदरी देवी, उपाध्यक्ष संतोष देवी,कनीय अभियंता सुरेंद्र राम, वार्ड आयुक्त वैजंती देवी, कुलदीप किंडो, राकेश लकड़ा आदि उपस्थित थे.
