सिमडेगा : डीआइजी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि उग्रवाद प्रभावित क्रुशकेला व आसपास के क्षेत्रों में 14 किमी पीसीसी पथ का निर्माण कार्य पुलिस की निगरानी में कराया जायेगा. निर्माण कार्य से जुड़े संवेदकों को भी सुरक्षा मुहैया करायी जायेगी.
नक्सली गतिविधियों को देखते हुए उक्त पीसीसी पथ का निर्माण अति आवश्यक है. नक्सलियों की धमकी के कारण ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल सिमडेगा द्वारा पीसीसी पथ सहित सात करोड़ रुपये की लागत से 15 सड़कों का निर्माण कार्य रुका हुआ है. माअोवादियों ने ठेकेदारों को गोली मार देने की धमकी दी है.
प्रभात खबर में खबर छपने के बाद पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आये. शनिवार को डीआइजी अरुण कुमार सिंह सिमडेगा पहुंचे. उन्होंने एसपी राजीव रंजन सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की. पीसीसी पथ निर्माण कार्य को लेकर एसपी को आवश्यक दिशा- निर्देश दिये. उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान भी चलाने को भी कहा.
