छह दिवसीय मुर्गी पालन प्रशिक्षण शिविर का उदघाटन, एलडीएम ने कहा
सिमडेगा : बाजारटोली स्थित सामुदायिक भवन में स्टार स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के तत्वावधान में छह दिवसीय मुर्गी पालन प्रशिक्षण शिविर का उदघाटन किया गया.
मुख्य अतिथि बैंक ऑफ इंडिया के सहायक एलडीएम रंजन चंद्रा ने प्रशिक्षण शिविर का उदघाटन दीप प्रज्वलित कर किया.
शिविर में उन्होंने कहा कि मुर्गी पालन कर स्वावलंबी बनें. मुर्गी पालन एक अच्छा व्यवसाय है. इसे अपना कर आर्थिक स्थिति मजबूत बनाया जा सकता है. उन्होंने कहाकि मुर्गी पालन को बढ़ावा देने के लिये सरकार द्वारा कई योजनाएं चलायी जा रही हैं, जिसका लाभ लोगों को उठाना चाहिए.
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण को बेकार नहीं जाने दें. प्रशिक्षण को धरातल पर उतारें. मुर्गी पालन व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिये बैंक द्वारा भी सहायता प्रदान की जाती है. प्रशिक्षणार्थी यदि चाहें उन्हें ऋण उपलब्ध कराया जा सकता है. संस्था के निदेशक जेए कुल्लू ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रमाण पत्र दिया जायेगा. जिसके माध्यम से ऋण प्राप्त किया जा सकता है.
प्रशिक्षण में बांसजोर, जलडेगा, सिमडेगा, पाकरटांड़, कुरसई एवं कुरडेग प्रखंड के कुल 47 प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. मौके पर फैक ल्टी सामुएल मुंडू, रूही डुंगडुंग, राकेश केरकेट्टा, बिनकस लकड़ा, जेवियर कुजूर के अलावा अन्य लोग उपस्थित थे.
