24 गोवंशीय पशु बरामद, आठ तस्कर गिरफ्तार
24 गोवंशीय पशु बरामद, आठ तस्कर गिरफ्तार
सिमडेगा. जिले में गोवंशीय पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस को सफलता हाथ लगी है. ग्रामीणों की सूचना पर की गयी कार्रवाई में पुलिस ने 24 गोवंशीय पशुओं को बरामद करते हुए आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है. 28 अप्रैल की सुबह करीब 6.15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ओड़िशा की ओर से ओड़गा होते हुए जंगल के रास्ते कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को हांकते हुए बानो की ओर ले जा रहे हैं. सूचना मिलते थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान बानो थाना क्षेत्र के बड़काडुईल पंचायत अंतर्गत लामगढ़ गांव के पास से चार व्यक्तियों जोगेंद्र कछुवा, बरनाबस कछुवा, रेटेया तिग्गा और दशरथ अहीर को 24 गोवंशीय पशुओं के साथ पकड़ लिया गया. सभी पशुओं को पुलिस ने जब्त कर लिया. पूछताछ के दौरान पकड़े गये आरोपियों ने अपने अन्य सहयोगियों के नाम उजागर किये. इसके बाद सूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर पुलिस ने 29 अप्रैल को चार अन्य आरोपियों अनुग्रह गिधनी, सुबर सिंह, अमर समद और अनमोल तिर्की को भी गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 48 हजार रुपये नकद भी बरामद किये गये हैं. इस संबंध में बानो थाना मामला दर्ज किया गया है. डीएसपी रनवीर सिंह बताया कि सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.