सिमडेगा :सामटोली स्थित संत अन्ना महागिरजा घर में सिमडेगा धर्मप्रांत के विभिन्न पल्लियों व संस्थाओं में कार्यरत सभी पुरोहितों का क्रिसमस मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरूआत मनन चिंतन, पाप स्वीकार संस्कार व पवित्र संक्रामेत की आराधना के साथ की गयी.
साथ ही मिस्सा अनुष्ठान का भी आयोजन किया गया. मिस्सा अनुष्ठान में मुख्य अनुष्ठाता के रूप में सिमडेगा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप विंसेंट बरवा उपस्थित थे. बिशप बरवा ने कहा कि ख्रिस्त के सुसमाचार को प्रसारित व प्रचारित करें. यीशु ख्रिस्त के संदेश को लोगों तक पहुंचाना पुरोहित का मुख्य कार्य होता है.
उन्होंने कहा कि पुरोहित कलीसिया का नेतृत्व करते हैं. ख्रिस्तीय समाज को सही रास्ते पर लाना पुरोहितों का मुख्य कार्य भी होता है. बिशप बरवा ने कहा कि संत जोसेफ ने ईमानदार सेवक के रूप में ईश्वर की इच्छा को पूरी करने में माता मरियम का साथ दिया. माता मरियम के आदर्शो को अपनाने के लिये लोगों का मार्गदर्शन करें.
हर विश्वासियों के जीवन में यीशु ख्रिस्त के प्रेम को उतारें. मिस्सा समारोह में बिशप बरवा का सहयोग फादर डीन बेंजामिन केरकेट्टा, फादर पीटर मिंज, फादर इसीदोर केरकेट्टा, फादर थोमस सोरेंग, फादर दोमनिक बरला, फादर तोबियस सोरेंग, फादर राजेश केरकेट्टा आदि ने किया. मिस्सा समारोह के बाद बिशप हाउस में क्रिसमस कैरोल कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर डीनरी स्तर पर क्रिसमस गीत पुरोहितों ने प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में कुल 90 पुरोहितों ने भाग लिया. कार्यक्रम का संचालन फादर दमासियुस खेस ने किया. स्वागत भाषण फादर जोन कुल्लू ने किया. कार्यक्रम के दौरान बिशप बरवा ने चरनी की आशीष दी.
