सिमडेगाः सिमडेगा पुलिस ने अवैध गोवंशीय मांस के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 14 किलोग्राम मांस बरामद करने के साथ एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है. पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को कोलेबिरा थाना क्षेत्र के श्रीकोंडकेरा इलाके में अवैध रूप से गोवंशीय मांस के परिवहन की सूचना मिली थी. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक बानो अंचल के नेतृत्व में कोलेबिरा थाना पुलिस ने श्रीकोंडकेरा में वाहन जांच अभियान चलाया.
तलाशी में 14 किलो मांस बरामद
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चार लोगों को संदिग्ध रूप से मांस ले जाते हुए पकड़ा. तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 14 किलोग्राम अवैध गोवंशीय मांस बरामद होने की बात पुलिस ने कही है. मौके से TVS Fonecs 125 मोटरसाइकिल और TVS स्कूटी (JH20F-7476) भी जब्त की गई. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना लोहरा (20 वर्ष), परबिना टेटे (35 वर्ष), कमल केरकेट्टा (35 वर्ष) और रोहित डुंगडुंग (22 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी कोलेबिरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
ये भी पढ़ें- सिमडेगा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 308 किलो जावा महुआ और 13 लीटर महुआ शराब नष्ट
BNS और गौवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस
मामले में कोलेबिरा थाना कांड संख्या 50/2026, दिनांक 15 अगस्त 2026 के तहत धारा 325 BNS 2023 एवं झारखंड गौवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम, 2005 की धारा 12(1), 12(2), 12(3) और 13 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार चारों आरोपियों को रविवार, 16 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. सिमडेगा पुलिस ने कहा है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
