सिमडेगा : समाहरणालय में उपायुक्त विप्रा भाल ने सोमवार को जनता दरबार लगा कर लोगों की फरियाद सुनी. 60 फरियादियों ने आवेदन देकर अपनी समस्याओं को रखा. वहीं टेली काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 40 लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे संवाद कर उपायुक्त के समक्ष रखा. सलडेगा निवासी निवासी अनिल केरकेट्टा ने अपने क्षेत्र में सुचारू रूप से बिजली बहाल करने की मांग की.
केरसई प्रखंड के बसेन निवासी रखनु बड़ाइक ने गैरमजरूआ भूमि की बंदोबस्ती करने के संबंध में उपायुक्त से गुहार लगायी. खूंटीटोली वार्ड नंबर नौ के निवासी टालकु साहू ने कहा कि करंट लगने से बैल की मौत हो गयी, किंतु मुआवजा नहीं मिला. इसके अलावा जनता दरबार में राशन कार्ड बनाने, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेशन, जमीनी मामले व अन्य समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त से मुलाकात की. जनता दरबार में जिला नजारत शाखा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधकारी आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे.
