सिमडेगा : नगर भवन में मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की सभा हुई. सभा में पूर्व मुख्यमंत्री सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन एवं तोरपा विधायक पौलुस सुरीन मुख्य रूप से उपस्थित थे. झामुमो द्वारा निकाली गयी झारखंड संघर्ष यात्रा के दौरान यह कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम से पूर्व श्री सोरेन, विधायक पौलुस सुरीन व अन्य अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. मौके पर हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा की सरकार सर्कस की जमात है. भाजपा सरकार जन विरोधी कार्य कर रही है. उसी जन विरोधी कार्यों के खिलाफ झारखंड संघर्ष यात्रा निकाली गयी है.
श्रीसोरेन ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासियों व अल्पसंख्यकों को विस्थापित करने की साजिश रच रही है. जल, जंगल जमीन को छीनने का प्रयास किया जा रहा है. स्थानीय नीति, भूमि अधिग्रहण कानून सहित अन्य नये-नये कानून बना कर आदिवासियों विस्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है. ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है.
विधायक पौलुस सुरीन ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों के अस्तित्व को ही समाप्त करना चाहती है. साथ ही यहां की संस्कृति एवं पहचान को भी मिटाना चाहती है. राज्य खतरे में है, इसे बचाना होगा.
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता की रक्षा झामुमो ही कर सकता है.कार्यक्रम का संचालन ओलिवर लकड़ा ने किया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष किशोर डांग, जिला सचिव मो शफीक खान, पूर्व विधायक बसंत कुमार लोंगा के अलावा काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
