राजनगर. राजनगर थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव में शनिवार को 28 वर्षीय विवाहिता बरसा ज्योतिषी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह लक्ष्मण ज्योतिषी की पत्नी थी. घटना के समय बरसा घर में अकेली थी. सूचना मिलने के बाद राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया.
पति ने दरवाजा तोड़ा तो सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, शनिवार को बरसा ज्योतिषी घर में अकेली थी. इसी दौरान उसने घर के पंखे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. शाम को जब उसके पति लक्ष्मण ज्योतिषी घर पहुंचे, तो घर के दरवाजे की कुंडी अंदर से लगी हुई थी. उन्होंने काफी आवाज दी, लेकिन दरवाजा नहीं खुला. इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई.
इसके बाद उन्होंने दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया. अंदर बरसा ज्योतिषी पंखे से साड़ी के सहारे लटकी हुई मिली. घटना की सूचना तत्काल राजनगर पुलिस को दी गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया.
आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
