रुआनी-पियालडीह गांव में जंगली हाथी का उत्पात, तीन घर क्षतिग्रस्त, रातभर दहशत में रहे ग्रामीण

सरायकेला के रुआनी-पियालडीह गांव में जंगली हाथी ने तीन घरों को क्षतिग्रस्त किया. ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजे और सुरक्षा की मांग की है.

चांडिल. सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड के रुआनी-पियालडीह गांव में शनिवार देर रात झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. हाथी ने गांव में घुसकर तीन ग्रामीणों के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मशाल, टॉर्च और पटाखों के सहारे हाथी को खदेड़ने में जुट गए. घंटों की मशक्कत के बाद हाथी रसुनिया जंगल की ओर लौट गया. ग्रामीणों के अनुसार, हाथी ने सबसे पहले सनातन मांझी के मिट्टी के घर पर हमला कर दीवार और छप्पर तोड़ दिया.

इसके बाद दो अन्य घरों को भी नुकसान पहुंचाया. घटना के समय सभी लोग घरों से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. प्रभावित परिवारों का अनाज, घरेलू सामान और अन्य उपयोगी वस्तुएं भी क्षतिग्रस्त हो गयी. घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से शीघ्र मुआवजा, हाथियों की नियमित निगरानी, प्रभावित गांवों में त्वरित सूचना व्यवस्था तथा गश्ती दल की तैनाती की मांग की है. उनका कहना है कि हाथियों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है और लोग रातभर जागकर पहरा देने को विवश हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Himanshu gope

Published by: Amleshnandan Sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >