Seraikela Kharsawan News : पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे आदिवासी संगठन

कुचाई चौक पर डेढ़ घंटे जाम, एसआइटी जांच और सख्त कार्रवाई की मांग तेज

खरसावां. खूंटी के पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में गुरुवार को खूंटी के साथ पड़ोसी जिला सरायकेला-खरसावां के कुचाई क्षेत्र में आदिवासी संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन किया. दोपहर करीब 12 बजे प्रदर्शनकारियों ने कुचाई चौक पर टायर जलाकर और बांस की बल्ली लगाकर आवागमन अवरुद्ध कर दिया. प्रदर्शन के दौरान आदिवासी संगठनों से जुड़े लोगों ने पड़हा राजा सोमा मुंडा के हत्यारों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की. साथ ही पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने की अपील की गयी. विरोधकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा.

विरोध के कारण डेढ़ घंटे तक जाम रहा कुचाई चौक

विरोध प्रदर्शन के चलते करीब डेढ़ घंटे तक कुचाई चौक में जाम की स्थिति रही. इससे दलभंगा और चक्रधरपुर की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का आवागमन बाधित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. हालांकि, एम्बुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़ी गाड़ियों को आने-जाने की अनुमति दी गयी. सड़क जाम के दौरान मानसिंह मुंडा, मंगल सिंह मुंडा, धर्मेंद्र सांडिल, रामचंद्र सोय, फागू मुंडा, केपी सेठ सोय, आसू मुंडा, सत्येंद्र सिंह मुंडा, मुन्ना सामद, चंद्र मोहन सिंह मुंडा, बुधनलाल मुंडा, विशाल सोय और अभिषेक मंडा सहित कई लोग मौजूद थे.

खूंटी में बुधवार की शाम हुई थी हत्या

बुधवार की शाम खूंटी के जमुवादाग के पास अज्ञात अपराधियों ने 60 वर्षीय पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना उस समय हुई जब वे अपनी पत्नी अमृता तिर्की के साथ खूंटी से घर लौट रहे थे. इस दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और फरार हो गये.खूंटी के पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या की कड़ी शब्दों में निंदा करते हैं. सभ्य समाज में हिंसा का कोई स्थान नहीं है. सोमा मुंडा के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफतारी कर कड़ी कार्रवाई करें, अन्यथा आगे भी आंदोलन होगा. –

मंगल सिंह मुंडा

, अध्यक्ष, आदिवासी एकता मंच, कुचाई

खूंटी के पड़हा राजा सोमा मुंडा जनहित के मुद्दों पर हमेशा मुखरता के साथ आवाज बुलंद करते थे. अज्ञात अपराधियों द्वारा उनकी हत्या की गयी है. खूंटी जिले की पुलिस हत्यारों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करे. अन्यथा कुचाई के आदिवासी भी चरणबद्ध आंदोलनको बाध्य होंगे. –

मानसिंह मुंडा

, कुचाई

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >