Seraikela Kharsawan News : भाजपा नगर अध्यक्ष से साइबर ठगी, ~1.13 लाख उड़ाये

सरायकेला: अस्पताल का नंबर गूगल से निकालना पड़ा भारी

सरायकेला. सरायकेला भाजपा के नगर अध्यक्ष विजय कुमार दत्ता उर्फ बीजू दत्ता साइबर अपराधियों के शिकार बन गये. शातिर ठगों ने उनके और उनकी पत्नी के तीन अलग-अलग बैंक खातों से करीब 1.13 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली है. बैंक खाते खाली होने का पता चलते ही उन्होंने मामले की लिखित शिकायत साइबर सेल और सरायकेला थाना में दर्ज करायी है. पुलिस अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गयी है.

ऐसे जाल में फंसाया:

शिकायत के अनुसार, गत 10 मई की शाम करीब पांच बजे बीजू दत्ता अपनी बीमार मां को जमशेदपुर के एक अस्पताल में दिखाने के लिए गूगल पर डॉक्टर का नंबर ढूंढ रहे थे. गूगल से मिले नंबर पर जब उन्होंने कॉल किया, तो दूसरी तरफ मौजूद साइबर ठग ने डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक करने की बात कही. ठग ने कहा कि अपॉइंटमेंट के लिए मात्र 10 रुपये का टोकन मनी देना होगा. इसके बाद साइबर ठगों ने उनके व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और उसे खोलने को कहा. लिंक खोलने के बाद भुगतान के लिए एक बारकोड भेजा गया. बीजू दत्ता ने ठगों की चाल को न समझते हुए अपने अलग-अलग खातों से पेटीएम के जरिए 10 रुपये भेजने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण पैसे ट्रांसफर नहीं हुए. इस पर ठग ने बड़ी चालाकी से कहा कि कोई बात नहीं, आप अस्पताल आने पर ही 10 रुपये दे दीजिएगा. ठगी की इस साजिश का असर तीन दिन बाद देखने को मिला. 13 मई की शाम करीब साढ़े सात बजे ठगों ने उनके खातों से पैसे उड़ाने शुरू किए. सबसे पहले बीजू दत्ता के खाते से 38,000 रुपये उड़ाए गए. इसके बाद उनकी पत्नी अर्चना दत्ता के खाते से दो बार में 49,997 रुपये और 2,000 रुपये निकाल लिए गए. इसके बाद तीसरे यूनियन बैंक के खाते से पहले 22,999 रुपये निकाले गए. फिर पीड़ित को भ्रमित करने के लिए उसी खाते में 42,999 रुपये जमा किए गए और उसके कुछ ही देर बाद उस खाते से 43,000 रुपये साफ कर दिए गए. इस तरह अपराधियों ने तीनों खातों को मिलाकर कुल 1,13,000 रुपये की ठगी को अंजाम दिया.

दूध लेने गये, तो खुला राज

बीजू दत्ता को इस ठगी की भनक तक नहीं लगी. रात करीब 10 बजे जब वे अपनी दुकान बंद कर दूध लेने गए और वहां ऑनलाइन पेमेंट करने लगे, तो ट्रांजैक्शन फेल हो गया. जब उन्होंने अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए. तीनों खाते पूरी तरह खाली हो चुके थे. इसके बाद उन्होंने आनन-फानन में सरायकेला थाना पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >