अपने वेतन से शिक्षक ने बदली मेरमजंगा की तस्वीर, जिस स्कूल में कभी सिर्फ 28 बच्चे आते थे वहां अब 207 का नामांकन

शिक्षक बृजेश्वर कुमार द्विवेदी की मेहनत से मेरमजंगा स्कूल में छात्रों की संख्या 28 से बढ़कर 207 हुई. जानिए कैसे बदली स्कूल की तस्वीर.

खरसावां: पहाड़ की तलहटी में बसे कुचाई के मेरमजंगा गांव में एक शिक्षक की पहल ने शिक्षा की तस्वीर बदल दी. वर्ष 2022 में उत्क्रमित उच्च विद्यालय मेरमजंगा में शिक्षक बृजेश्वर कुमार द्विवेदी की प्रतिनियुक्ति हुई, तब स्कूल में बच्चों की संख्या कम थी और नियमित उपस्थिति बड़ी चुनौती थी.

विद्यालय झोपड़ीनुमा दो कमरों में संचालित होता था. शिक्षक ने समस्या का इंतजार करने के बजाय अभिभावकों और ग्रामीणों से संवाद शुरू किया. ग्रामसभा की बैठक में उन्होंने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की. ग्रामीणों ने स्कूल भवन की खराब स्थिति को बड़ी बाधा बताया. इसके बाद शिक्षक ने अपने वेतन से स्कूल की मरम्मत करायी और छत पर एस्बेस्टस लगवाया. इससे ग्रामीणों का भरोसा बढ़ा और बच्चों की उपस्थिति में सुधार होने लगा.

28 से बढ़कर 207 हुआ नामांकन, शून्य ड्रॉपआउट

शिक्षक बृजेश्वर कुमार द्विवेदी

वर्ष 2022 में पहली से आठवीं कक्षा तक विद्यालय में महज 28 बच्चे नामांकित थे. शिक्षक ने स्कूल की व्यवस्था सुधारने के साथ पोषक क्षेत्र के गांवों में अभियान चलाया. वे घर-घर जाकर अभिभावकों से मिलते और शिक्षा के महत्व तथा नियमित उपस्थिति के प्रति जागरूक करते. लगातार प्रयासों का असर हुआ और बच्चों का विद्यालय से जुड़ाव बढ़ता गया. आज स्कूल में नामांकन बढ़कर करीब 207 हो गया है. मेरमजंगा का पोषक क्षेत्र शून्य ड्रॉपआउट बन चुका है.

पक्के भवन के साथ दसवीं तक हुई पढ़ाई

शिक्षक के प्रयासों के बाद जिला प्रशासन ने विद्यालय के लिए पक्का भवन बनवाया. पिछले वर्ष स्कूल में दसवीं कक्षा तक पढ़ाई शुरू हुई. विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और नियमित उपस्थिति को देखते हुए पांच अन्य शिक्षकों की भी पदस्थापना की गयी. कभी झोपड़ीनुमा दो कमरों से संचालित विद्यालय अब पक्के भवन और दसवीं तक की पढ़ाई तक पहुंच चुका है. हालांकि बढ़ते नामांकन को देखते हुए अतिरिक्त कमरों की जरूरत बनी हुई है. बृजेश्वर कुमार द्विवेदी की पहल ने दिखाया कि दुर्गम क्षेत्र में एक शिक्षक की प्रतिबद्धता पूरे गांव में शिक्षा के प्रति विश्वास पैदा कर सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शचिंद्र कुमार दाश

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >