सरायकेला से प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट
Saraikela Holi: सरायकेला स्थित संत फ्रांसिस डि-सेल्स स्कूल में होली के अवसर पर ‘रंगोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और उल्लास के साथ किया गया. विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल और खुशियों से सराबोर नजर आया. छात्रों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम का संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान पूरे वातावरण में उत्सव का रंग छाया रहा. बच्चों की हंसी-खुशी और उमंग ने समारोह को यादगार बना दिया.
गीत-नृत्य से सजा सांस्कृतिक कार्यक्रम
‘रंगोत्सव’ के दौरान छात्रों ने होली के पारंपरिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया. ढोल और संगीत की धुन पर बच्चों ने जमकर मस्ती की. रंगों के इस पर्व पर प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया. छात्रों की प्रस्तुतियों में उत्साह और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था. विद्यालय परिवार ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया.
प्राचार्य का संदेश: प्रेम और भाईचारे का पर्व
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य फादर एल्विन जोसेफ ने कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है. उन्होंने कहा कि होली केवल तन और मन को रंगीन नहीं करती, बल्कि आपसी दुख-दर्द भुलाकर एक-दूसरे के साथ प्रेमपूर्वक रहने की प्रेरणा देती है. उन्होंने छात्रों को सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सीख दी.
इसे भी पढ़ें: पलामू के पूर्वडीहा में जीवित है परंपरागत होली कीर्तन की परंपरा, वसंत पंचमी से शुरू
अतिथियों की उपस्थिति से बढ़ी शोभा
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में जेवियर स्कूल, सीनी के प्राचार्य फादर एंथोनी, फादर पीटर तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे. सभी ने छात्रों के साथ होली का आनंद लिया और कार्यक्रम की सराहना की. विद्यालय के उप-प्राचार्य फादर रमेश, कार्यालय प्रबंधक फादर जानसन और शिक्षकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. ‘रंगोत्सव’ ने विद्यालय में उत्साह, एकता और सांस्कृतिक समरसता का सुंदर संदेश दिया. रंगों के इस पर्व ने छात्रों और शिक्षकों के बीच आत्मीयता को और मजबूत किया.
इसे भी पढ़ें: रांची के डक्विन हेल्थकेयर में होली मिलन समारोह, हरमू कार्यालय में रंगों की बौछार
