Seraikela Kharsawan News : सरायकेला में बनेगा स्किल पार्क

डीसी ने की स्किल डेवलपमेंट व लाइवलीहुड मिशन पर समीक्षा बैठक

सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्किल डेवलपमेंट एवं लाइवलीहुड मिशन को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक में डीसी ने जिले में चल रही कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उनकी अभिरुचि एवं योग्यता के अनुरूप रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए.

डीसी ने निर्देश दिया कि युवाओं को विभागीय योजनाओं एवं सब्सिडी आधारित ऋण सुविधा से लाभान्वित कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस पहल हो. जिले के औद्योगिक संस्थानों से रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर रोजगार मेलों के माध्यम से स्थानीय युवाओं के नियोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.

कौशल विकास से आत्मनिर्भर बनेगा जिला:

उपायुक्त ने जिला में स्किल पार्क की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया. उन्होंने कौशल प्रशिक्षण के लिए योग्य अभ्यर्थियों के मोबिलाइजेशन के लिए 15 दिवसीय कैलेंडर तैयार करने को कहा. इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय स्तर पर उत्पादित वस्तुओं की ब्रांडिंग, मूल्य निर्धारण और बाजार उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया. डीसी ने कहा कि स्थानीय उपज एवं उत्पादों का जिला स्तरीय कैटलॉग तैयार किया जाए तथा कला एवं कौशल उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए कुकून उत्पादन में निवेश की योजना बनायी जाए.

स्वरोजगार योजनाओं में पारदर्शिता पर जोर

डीसी ने कहा कि स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के आवेदनों को बिना ठोस कारण निरस्त न किया जाए. निरस्त हुए आवेदनों की सूची बनाकर लाभुकों को पुनः आवेदन की सुविधा दी जाए. उन्होंने युवाओं को सीसीटीवी कैमरा स्थापना, ड्रोन संचालन, सौर उपकरण मरम्मत, विद्युत तार फिटिंग, होटल प्रबंधन, टूर असिस्टेंट, डेटा एंट्री ऑपरेटर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. प्रशिक्षण केंद्रों की गुणवत्ता, प्रशिक्षकों की उपलब्धता और प्रशिक्षुओं की उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा गया. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कौशल विकास से अधिक से अधिक युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा आजीविका संवर्धन कार्यक्रमों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना ही प्राथमिक लक्ष्य है. बैठक में डीडीसी रीना हांसदा, डीडीएम नाबार्ड, जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार तोपनो, श्रम अधीक्षक अभिनाश ठाकुर, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र रवि शंकर प्रसाद, वाइपी रवि प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >