सरायकेला: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सीनी ओपी में एक अनोखा और भावुक दृश्य देखने को मिला. यहाँ महिला समिति की सदस्यों ने थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह सहित ओपी में पदस्थापित सभी पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया.
शुक्रवार को महिला समिति की महिलाएं ओपी पहुंचीं और पुलिस जवानों को तिलक लगाकर, आरती उतारकर राखी बांधी. उन्होंने पुलिसकर्मियों की लंबी उम्र, सुरक्षा और सुख-समृद्धि की कामना की.इस दौरान थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने सभी बहनों को रक्षा का वचन देते हुए उनका आशीर्वाद लिया और उपहार स्वरूप मिठाइयां भेंट कीं.
महिला समिति की सदस्यों ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात हमारी सुरक्षा में लगे रहते हैं.त्योहार के दिन भी वे अपने परिवार से दूर रहकर समाज की सेवा करते हैं.इसलिए हम सभी ने उन्हें अपना भाई मानकर राखी बांधी है, ताकि उन्हें भी परिवार जैसा एहसास हो. वहीं थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि यह पल हमारे लिए बेहद सम्मान और भावुक करने वाला है. महिला समिति की बहनों द्वारा राखी बांधने से हमें एक नई ऊर्जा मिली है. हम सभी बहनों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे. इस अवसर पर ओपी के सभी पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे. पूरे थाना परिसर में खुशी और भाईचारे का माहौल बना रहा.
