शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: विश्वविख्यात सरायकेला छऊ परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी पहचान के बाद सम्मान और बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है. संगीत नाटक अकादमी सम्मान 2025 के लिए चयनित सरायकेला छऊ मुखौटा निर्माण कला के वरिष्ठ गुरु सुशांत कुमार महापात्र को बधाई देने के लिए राज्यसभा सांसद और झारखंड भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा ने उनके सरायकेला स्थित आवास पहुंचे.
गुरु महापात्र की उपलब्धि पर सांसद ने जताया गर्व
डॉ प्रदीप वर्मा ने गुरु सुशांत कुमार महापात्र को अंगवस्त्र पहना कर सम्मानित किया. इस अवसर पर डॉ. प्रदीप वर्मा ने गुरु सुशांत कुमार महापात्र की उपलब्धि को सरायकेला ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और कला जगह के लिए गौरव का विषय बताया. सांसद डॉ. वर्मा ने कहा कि संगीत नाटक अकादमी सम्मान केवल एक कलाकार की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सरायकेला की ऐतिहासिक छऊ परंपरा का भी सम्मान है. उन्होंने कहा कि गुरु सुशांत कुमार महापात्र ने वर्षों की साधना, समर्पण और अथक परिश्रम से छऊ मुखौटा निर्माण कला को नई पहचान दिलाई है. उन्होंने कहा कि सरायकेला छऊ कला आज राष्ट्रीय सीमाओं को पार कर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुकी है. ऐसे कलाकारों की उपलब्धियां नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, कला और परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा देती हैं.
लोककला को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयास जारी
डॉ. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं. झारखंड की लोककला, संस्कृति और परंपराओं को भी राष्ट्रीय और वैश्विक मंचों पर सम्मान दिलाने के प्रयास जारी हैं. गुरु सुशांत कुमार महापात्र को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को सरायकेला जिले के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया.
सम्मान समारोह में उमड़ा सांस्कृतिक गौरव
सम्मान समारोह के दौरान पूरे वातावरण में सांस्कृतिक गौरव, सम्मान और उत्साह का माहौल देखने को मिला. उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि गुरु सुशांत कुमार महापात्र के मार्गदर्शन में सरायकेला छऊ की गौरवशाली परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक और अधिक सशक्त रूप से पहुंचती रहेगी. इस दौरान आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव, राजा सिंहदेव, बीजू दत्ता, राकेश सिंह, सुमित चौधरी सहित कई गणमान्य लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: परिमल नाथवानी का पर्चा वैध, कांग्रेसी मंत्रियों के विरोध के बाद दिल्ली में डेरा जमाएंगे विधायक
इसे भी पढ़ें: गुमला-सिमडेगा सीमा पर भीषण सड़क हादसा, तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत
