सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Seraikela Power Supply: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने जेबीवीएनएल (झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड) जमशेदपुर के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की है. लगातार बिजली बाधित रहने से आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
लापरवाह अधिकारियों पर लगाया आरोप
नगर पंचायत अध्यक्ष ने अपने पत्र में साफ तौर पर कहा है कि जिले की विद्युत वितरण व्यवस्था पूरी तरह से लापरवाह पदाधिकारियों के कारण अव्यवस्थित हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति गंभीर नहीं हैं. उन्होंने विशेष रूप से जूनियर इंजीनियर पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है. न तो वे लोगों का फोन उठाते हैं और न ही शिकायतों का समाधान करते हैं. इससे आम जनता को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
छोटी-छोटी फाल्ट से घंटों बाधित रहती है बिजली
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सरकार द्वारा शहरी विद्युत सुंदरीकरण और इंसुलेटेड वायर जैसी योजनाओं पर काम किया जा रहा है, इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा है. छोटी-छोटी तकनीकी खराबियों के कारण लंबे समय तक बिजली आपूर्ति ठप रहती है. बीते दिनों भी ऐसी ही एक समस्या के चलते पूरी रात और अगली सुबह तक शहर में बिजली गुल रही, जिससे लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई.
जलापूर्ति और कारोबार पर पड़ा असर
बिजली बाधित होने का सीधा असर जलापूर्ति और व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहा है. पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो जाती है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है. इसके अलावा दुकानदारों, छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों को भी भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है. ऑनलाइन पढ़ाई और व्यवसाय दोनों पर असर पड़ रहा है.
पहले भी उठाए गए थे मुद्दे, नहीं हुआ समाधान
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि उन्होंने करीब 30 दिन पहले ही बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर 10 बिंदुओं पर कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंताओं का ध्यान आकर्षित कराया था. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. उन्होंने इसे अधिकारियों की उदासीनता करार देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है.
जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई की मांग
अध्यक्ष ने अपने पत्र के माध्यम से जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक से मांग की है कि ऐसे अभियंताओं और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जो सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो जनता का आक्रोश और बढ़ सकता है. ऐसे में प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप कर हालात को सुधारने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 28 और 29 मार्च को भी हो सकती है झमाझम बारिश, येलो अलर्ट जारी
बिजली व्यवस्था सुधार की जरूरत
सरायकेला में बिजली आपूर्ति की खराब स्थिति ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लगातार हो रही बिजली कटौती और अधिकारियों की लापरवाही से लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है. अब यह देखना अहम होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और कब तक लोगों को राहत मिल पाती है.
इसे भी पढ़ें: रामनवमी की खुशियां मातम में बदलीं, जुलूस से लौट रहे युवक को बाइक ने रौंदा, हालत गंभीर
