सरायकेला से प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट
सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है. सरायकेला थाना क्षेत्र के नुवागोडा गांव में आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि दो बच्चियों और एक युवक सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस प्राकृतिक आपदा के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है.
श्राद्ध कर्म के दौरान पसरा मातम
मिली जानकारी के अनुसार, नुवागोडा गांव में यह हादसा उस वक्त हुआ जब गांव की ही एक मृतका (रोशनी सुरीन की मां) का श्राद्ध कर्म चल रहा था. परिवार और रिश्तेदार शोक में डूबे हुए थे और तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली सीधे कार्यक्रम स्थल पर आ गिरी. इसकी चपेट में आने से 9 वर्षीय मासूम बच्ची रोशनी सुरीन और 32 वर्षीय युवक सोनू सरदार की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों मृतक उसी गांव के रहने वाले थे. मां की मौत के गम से जूझ रहे परिवार पर इस दोहरे हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है.
ये भी पढ़ें: संताली फिल्म ‘आंगेन’ को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने निर्देशक को दी बधाई
सदर अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 5 लोगों को स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तुरंत सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है. घायलों में तीन महिलाएं/बच्चियां और दो पुरुष शामिल हैं.
हादसे का शिकार हुए लोगों की सूची:
मृतकों के नाम
रोशनी सुरीन (9 वर्ष)
सोनू सरदार (32 वर्ष)
घायलों के नाम
मालती सुरीन (6 वर्ष)
सोनामनी सुरीन (12 वर्ष)
बेबी सुरीन (40 वर्ष)
राधि सुरीन (35 वर्ष)
सुनील गागराई (18 वर्ष)
ये भी पढ़ें: नीति आयोग ने इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 जारी किया, 17 बड़े राज्यों में झारखंड 16वें स्थान पर
