Seraikela Kharsawan News : पेयजल योजनाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीसी
सरायकेला. जिला समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा की गयी. बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पेयजल और स्वच्छता से जुड़ी योजनाएं जनहित में सर्वोच्च प्राथमिकता पर हैं. इनमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
गर्मी से पहले जलमीनार व चापाकल दुरुस्त करने का निर्देश
आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी खराब जलमीनार, नलकूप और चापाकलों को तत्काल ठीक कराया जाये. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के जिन घरों में अब तक नल-जल योजना नहीं पहुंची है, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए ताकि गर्मी में जलापूर्ति बाधित न हो.
शिकायतों पर त्वरित एक्शन का आदेश
डीसी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि पेयजल संबंधी शिकायतों का निष्पादन समयबद्ध तरीके से करें. लापरवाही पाये जाने पर प्रखंड समन्वयक और कनीय अभियंताओं के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जायेगी.
8 मार्च से शुरू होगा जल महोत्सव पखवाड़ा
जिले में 8 से 22 मार्च तक जल महोत्सव पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा. उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सभी गतिविधियां सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करें. बैठक में कार्यपालक अभियंता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और सभी प्रखंडों के कनीय अभियंता सहित कई विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.