सरायकेला : सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे अब हादसों की वजह बन रहे हैं. बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता. इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बुधवार तड़के महतो ढाबा के समीप तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में हाइवा चालक भी घायल हो गया. वहीं, ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसा.
गड्ढों में जलजमाव से बढ़ रही परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार सरायकेला-राजनगर मुख्य मार्ग के कई हिस्सों में सड़क की स्थिति काफी खराब हो गयी है. सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी जमा हो जाने के कारण वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चल पाता. खासकर रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों के लिए यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है. लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसों का खतरा बना रहता है.
जोरदार आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण
दुर्घटना के बाद जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पहुंचे. हाइवा चालक वाहन के अंदर फंसा हुआ था. ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया. तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. गंभीर रूप से घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गयी.
हादसे के बाद घंटों बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने व ट्रक के सड़क किनारे खेत में चले जाने के कारण यातायात प्रभावित हुआ. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की. इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ.
