सरायकेला से प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट
Saraikela Raid: आगामी होली पर्व 2026 को देखते हुए अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में विशेष छापामारी अभियान चलाया गया. इस अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना और अवैध मद्य कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना था.
चांडिल थाना क्षेत्र में चला विशेष अभियान
उत्पाद विभाग की टीम ने चांडिल थाना अंतर्गत चिल्गु के समीप चाकुलिया एवं भदौड़ीह गांव में छापेमारी की. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान तीन अवैध चुलाई अड्डों का पता चला, जहां महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा था.
500 किलो जावा महुआ मौके पर किया गया नष्ट
छापेमारी के दौरान टीम ने घटनास्थल से लगभग 500 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया. विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए मौके पर ही इसे नष्ट कर दिया गया. इसके अलावा 35 लीटर तैयार महुआ शराब भी बरामद कर जब्त की गई. विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली जैसे बड़े पर्व पर अवैध शराब की बिक्री को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन से मिले नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, सरायकेला के विकास से कराया अवगत
अभियुक्तों पर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बरामदगी के बाद संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. विभाग द्वारा अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके. इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध मद्य निर्माण या बिक्री की सूचना तुरंत प्रशासन को दें.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में साहित्य की लहर को नया उछाल, संदीप मुरारका ने जगाई चेतना
