ट्रेनिंग पूरी कर ड्यूटी पर लौटने वाला था अभिषेक, रात की पार्टी के बाद बदल गई कहानी

सरायकेला के सीनी रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे गुड्स गार्ड अभिषेक सिंह तोमर की छत से गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सरायकेला: सरायकेला के सीनी रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में ट्रैनिंग पूरा कर ड्यूटी पर लौटने की तैयारी कर रहे 34 वर्षीय गुड्स गार्ड अभिषेक सिंह तोमर की सोमवार रात अचानक मौत हो गई. जिस अभिषेक को जल्द ही अपने काम पर लौटना था, वह दोस्तों के साथ कुछ समय बिताने के बाद घर जाने के लिए निकला था, लेकिन इसी दौरान पहली मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद ट्रेनिंग सेंटर में शोक का माहौल है.

मृतक अभिषेक सिंह तोमर नागपुर जोन में कार्यरत था और सीनी रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में गुड्स गार्ड का प्रशिक्षण ले रहा था. उसका प्रशिक्षण पूरा हो चुका था और वह वापस अपनी ड्यूटी पर लौटने वाला था.

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात अभिषेक ट्रेनिंग सेंटर के बगल में रहने वाले अपने दोस्त दीपक कुमार के घर पर कुछ दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था. दीपक का कमरा पहली मंजिल पर था. पार्टी खत्म होने के बाद अभिषेक घर जाने के लिए निकला. इसी दौरान वह अचानक अनियंत्रित होकर पहली मंजिल से नीचे गिर गया.

पहली मंजिल से गिरने के कारण अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया. दोस्तों और आसपास के लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

अस्पताल से पुलिस को मिली सूचना

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सीनी ओपी पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पहली मंजिल से गिरकर मौत का लग रहा है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.

साथी प्रशिक्षुओं में शोक

अभिषेक की मौत की खबर से सीनी रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में शोक का माहौल है. साथी प्रशिक्षुओं ने बताया कि अभिषेक मिलनसार स्वभाव का था. अचानक हुई उसकी मौत से साथी प्रशिक्षुओं में मायूसी है. पुलिस ने घटना की जानकारी अभिषेक के परिजनों को दे दी है. परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रताप कुमार मिश्रा

प्रताप कुमार मिश्रा वर्ष 2003 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने कोल्हन विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है. राजनीतिक, सामाजिक, क्राइम, खेल की खबरों में इन्हें विशेषज्ञता हासिल है. डिजिटल जर्नलिज्म में 10 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >