संवाददाता, चांडिल
सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन और खनिजों की गलत तरीके से ढुलाई के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. उपायुक्त के निर्देश पर सोमवार देर रात ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम इलाके में जिला खनन विभाग, अंचल प्रशासन और ईचागढ़ थाना की टीम ने मिलकर वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया.
अभियान के दौरान बालू और पत्थर लदे वाहनों के चालान और खनिज की मात्रा की जांच की गयी. जांच में गड़बड़ी मिलने पर तीन वाहनों को जब्त कर लिया गया.
दो ट्रैक्टर बिना चालान, हाइवा में ज्यादा पत्थर मिला
जांच के दौरान पातकुम चौक के पास पत्थर लदे हाइवा (संख्या JH05CF0396) में चालान में दर्ज मात्रा से ज्यादा पत्थर पाया गया. वहीं, बालू लदे दो ट्रैक्टर बिना वैध चालान के मिले. नियमों का उल्लंघन करने पर तीनों वाहनों को जब्त कर ईचागढ़ थाना में रखा गया है. मामले में खनन विभाग आगे की कार्रवाई कर रहा है.
अवैध खनन पर प्रशासन की नजर
उपायुक्त ने अधिकारियों को जिले में अवैध खनन, खनिजों के भंडारण और बिना अनुमति ढुलाई पर रोक लगाने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन या खनिजों की गलत ढुलाई में शामिल लोगों और वाहनों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
