सरायकेला से शचींद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: गर्मी की छुट्टियों के बाद सरायकेला खरसावां फुटबॉल आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में एक बार फिर खिलाड़ियों से गुलजार हो गया है. समर वेकेशन की छुट्टी खत्म होते ही खिलाड़ी अपने प्रशिक्षण केंद्र में पहुंच गये है. खिलाड़ी अब अर्जुना स्टेडियम में रोजाना सुबह-शाम पूरे जोश के साथ मैदान में पसीना बहा रहे हैं. अंडर-19 आयु वर्ग के 25 बच्चे प्रशिक्षण ले रहे है. सुबह के सत्र में प्रशिक्षक संजय सुंडी और शाम के सत्र में प्रशिक्षक बलराम महतो खिलाड़ियों को अनुशासित तरीके से प्रशिक्षण दे रहे हैं.
शारीरिक फिटनेस के साथ तकनीकी कौशल की दी जा रही है ट्रेनिंग
प्रशिक्षण केंद्र में खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ तकनीकी कौशल, गेंद नियंत्रण, पासिंग, ड्रिब्लिंग और मैच रणनीति का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है. नियमित अभ्यास से खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और खेल कौशल में लगातार निखार आ रहा है. साथ ही खिलाड़ियों को अलग-अलग शेशन में अनुशासन का भी पाठ पढ़ाया जा रहा है. खेल के लिए अनुशासन की महत्ता पर जोर दिया जा रहा है.
गर्मी को ध्यान में रख कर दिया जा रहा है ट्रेनिंग
बढ़ती गर्मी को देखते हुए खिलाड़ियों की फिटनेस और स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर अभ्यास कराया जा रहा है. प्रशिक्षक बलराम महतो और संजय सुंडी के अनुसार गर्मी के मौसम में सुबह का समय अभ्यास के लिए अधिक उपयुक्त रहता है. इससे खिलाड़ी तेज धूप और अत्यधिक तापमान से बचते हुए पूरी ऊर्जा के साथ प्रशिक्षण ले पाते हैं. यहां के खिलाड़ी जिला फुटबॉल लीग-2026 को ध्यान में रखते हुए भी तैयारी कर रहे है. साथ ही अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दे रहे है.
खरसावां में 2018 से संचालित है आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र
खरसावां प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान (अर्जुना स्टेडियम) में दिसंबर 2018 से आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र संचालित हो रहा है. यहां फिलहाल 25 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं. यहां बच्चों को प्रशिक्षण के साथ साथ साथ आवासन, भोजन और पढ़ाई की भी सुविधा मिलती है. इस केंद्र से कई अच्छे फुटबॉल तैयार हुए है.
यह भी पढ़ें: झारखंड के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बारिश में नहीं रुकेगा सफर, NHAI ने शुरू किया ड्रेनेज सफाई का विशेष अभियान
यह भी पढ़ें: Dhanbad: युवा संगम में मध्य प्रदेश का 56 सदस्यीय दल पहुंचा IIT धनबाद, झारखंड की संस्कृति से हुए रू-ब-रू
